रविवार, अक्तूबर 29, 2006

प्रस्तावना ... कालचक्र: सभ्यता की कहानी

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
संक्षेप में

भारत में आपात-स्थिति के घने अंधकार में मेरी निरूद्धि के समय एक दिन पुत्री जया भेंट करने आयी। कहने लगी, ‘
’हमारे बचपन में आप हमको अपने छोटे बाबाजी द्वारा वर्णित प्रसंग कभी बताते थे। वे कहानियां हम सबको भाती थीं। आजकल वकालत के व्यस्त जीवन से कुछ छुट्टी मिली। अब वे कथायें लिख लें।‘’
इस प्रकार प्रारंभ हुई मानव के विचारों की, संस्कृति की यह गाथा, जो पुस्तकाकार में प्रस्तुत है। सामान्य पाठक के लिये यह कहानी के रूप में ( और इसलिए बहुत सी तिथियों एवं संदर्भो का उल्लेख न करते हुए) लिखी गई है।

मेरे छोटे बाबाजी, चौ. धनराज सिंहजी, इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्रतिष्ठापूर्वक स्नातक परीक्षा पास करने के बाद आगरा में उस विद्यालय के प्रथम प्रधानाचार्य बने, जो अब बलवंत राजपूत कालेज, आगरा के नाम से जाना जाता है। दो वर्ष के बाद उनकी सीधी नियुक्ति प्रांतीय प्रशासनिक सेवा में हो गई। पुरातत्व उनकी अभिरूचि का विषय था, उनका व्यासंग भी कह सकते हैं। जिस जिले में तैनाती हुई, वहां के पुरातत्व स्थल उन्होंने खोजे, उनकी कहानियां जानीं। सरकारी सेवा से अवकाश के बाद उनका पूरा समय इस अध्ययन में बीता। सभी पुराण, वेद, प्राचीन सभ्यताओं की दंतकथाएं एवं कहावतें, संसार के मानचित्र में फैले भारत का स्मरण दिलाते अवशिष्ट चिन्‍ह। आश्चर्य कि भाषा-शास्त्र के माध्‍यम से वे पुरातत्व के विद्यार्थी बने और अनेक देशों की पौराणिक आख्यायिकाओं और दंतकथाओं के अंदर ऐतिहासिक विषय-वस्तु खोजने का नियम निकाला और रामायण एवं महाभारत काल का एक ऐतिहासिक ढाँचा खड़ा करने का प्रयत्न किया। वे कहा करते थे कि इनमें अनेक स्थानों एवं घटनाओं का वर्णन बृहत्तर भारत ही नहीं, उसके बाहर का हो सकता है, इसलिए संसार के रंगमंच पर उनकी लीलास्थली खोजें।

उनके भाषा-विज्ञान और फिर पुरातत्व में धँसने का संदर्भ दूसरे अध्याय में है। उन्होंने कई सहस्त्र अंग्रेजी और हिन्दी अथवा ठेठ देहाती, एक ही ध्वनि के, पर्यायवाची शब्द खोज निकाले। उनके पास लगभग नब्बे वर्ष पुरानी जागतिक महायुद्ध के पहले की भू-चित्रावली (एटलस) थी। उसमें वर्णित स्थानों, नदियों, पर्वतों के संस्कृत नाम उन्होंने निकाले तथा वहां की किंवदंतियों और जनश्रुतियों से उन्हें प्रमाणित किया। उनकी दुर्लभ हस्तलिपियां कुछ शोधछात्र ले गए और दुर्भाग्यवश कालांतर में वे विलीन हो गईं। उनके साथ बृहत्तर भारत में छितरा महाभारत एवं रामायण काल के इतिहास का ढाँचा भी खो गया। जो उनके लिखे नोट, स्मरण-पत्रक आदि हैं, उनके आधार पर पुन: आज प्राचीन सभ्यताओं का इतिहास लिखने का कार्य कोई न कर सका।

मेरे विद्यार्थी जीवन में कभी-कभी वे दूर देशों की, प्राचीन सभ्यताओं की कहानियॉं सुनाते, पर हम सब सुनी-अनसुनी कर देते। हममें धैर्य कहॉं। एक बार ‘मत्स्यपुराण’ से उन्होंने बताना शुरू किया, जब माया नगरी ( हरिद्वार) में प्रभात होता है तो कुबेर की नगरी मेंदोपहर और सुषा नगरी में रात्रि का तीसरा प्रहर। फिर पूछा, क्या आधुनिक बीजिंग कुबेर की नगरी हो सकती है ? ईरान की सुषा नगरी की जानकारी हमें है, जिसके ध्वंसावशेष एक बड़े क्षेत्र में फैले हैं। उन्‍होंने संसार भर में पुराणों मेंउल्लिखित नगरों को खोजा। कितने ही ऐतिहासिक नगर पुरानी भू-चित्रावली में भारत के बाहर दिखाए।

बाद में जब मैं प्रयाग उच्च न्यायालय में वकालत करने आया, उसके कुछ वर्ष बाद एक दिन उन्होंने मुझसे कहा,
‘’देखो, मैंने एक बड़ी गलती की थी। एक बार विदेशी पुरातत्वशास्‍त्री (संभवतया वैदेल के कोई शिष्य) मिलने आए थे। वह अनेक बातें पूछते रहे। मैंने उन्हें यह सोचकर अपना शोधकार्य एवं उसके परिणाम नहीं बताए कि वे उसका कहीं दुरूपयोग न करें। परंतु यह ठीक न था। बाद में लगा, केवल विदेशी होने से शंका करना भारतीयत्व नहीं। मुझे बताना चाहिए था।‘’
भारतीय दृष्टि से संपूर्ण ज्ञान जनता की संपत्ति है।

जब बांदा में वकालत करता था तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आया। तब मुझे एक नई दृष्टि मिली। जो बाबाजी कहते थे और जिसमें कुछ को उनकी सनक समझता था, वह नए ढंग से समझ में आने लगा। और फिर सन १९३५ के संघशिक्षा वर्ग में एक प्रारंभिक विषय मुझे पकड़ा दिया गया । उसे उपयुक्त शीर्षक के अभाव में मैंने प्रारंभ किया-‘ भारत की यशोगाथा संसार के इतिहास ने गाई है।‘ इस पुस्तक की भूमि बाबाजी ने बनाई तो बीज उस बौद्धिक में निहित था।

आपात स्थिति की काली रात्रि समाप्त हुयी। पर जिस तरह के भाषण, घटनाऍं एवं दंगे देश-विभाजन के पहले थे, अब उन्हें पुन: उभरते देखता हूँ। यह अत्यंत क्लेशदायी है और जब राजनेता क्षुद्र स्वार्थो के लिए देश, धर्म एवं संस्कृति की बलि चढ़ाने को तैयार होते हैं, जनता को धोखा देते हैं तो मन और भी विषाद से भर जाता है। वे चार अध्याय लिखे रह गये। लेकिन अब एक बार पुन: मन में उसे पूरा करने का विचार उठा। साथ ही इतिहास का सही मूल्‍यांकन, जो मैंने सन १९३२ से लेकर १९५० के उतार-चढ़ाव और भारत के विभाजन की विभीषिका में देखा है, तथा भारतीय जनमानस पर उसका जो प्रभाव पड़ा उसे लिपिबद्ध करने की इच्छा हुई। पर स्वतंत्रता के सघर्ष में जो अर्थ हम अनेक शब्दों के समझते थे और जो आकांक्षाऍं थीं, वे आज तोड़-मरोड़कर बदली जा रही हैं। पुरानी पुस्तकों में जो लिखा था, कहीं-कहीं राजनीति से प्रेरित होकर उनके पाठ बदल दिए गए हैं। मेरे विद्यार्थी जीवन में, जिन पुस्तकों ने देश को दिशा दी,वे पुस्तकें आज लुप्त हो गई। उनका स्थान सप्रयोजन लिखी गई झूठी पुस्तकों ने ले लिया है। आज ‘धर्म’ को ‘मजहब’ के अर्थ में प्रयोग करते हैं और एक ‘छद्म पंथनिरपेक्षता’ का बोलबाला है। मजहब (पंथ) एवं संस्‍कृति जैसी भिन्न कल्पनाओं को जानबूझकर भ्रमित कर एकाकार करने का प्रयास! शब्दों का सही अर्थ पहचानना आज की महती आवश्यकता है।

ऐतिहासिक दृष्टि से इस संस्कृति के प्रवाह को देखें। आज वास्तव में जो मानव संस्‍कृति है, जिसने सभी प्राचीन संस्कृतियों को कुछ-न-कुछ दिया, उसे कुछ पंथ एवं नेता तिरस्कृत करने में जुटे हैं। यह मानवता के समक्ष खतरे की घंटी है। वैज्ञानिक सोच वैचारिक स्वतंत्रता के अंदर ही पनप सकता है। ऐसी वैचारिक स्वतंत्रता की आधारशिला है- सहिष्णुता, सहअस्तित्व की भावना, छोटे-से छोटे वर्ग या क्षेत्र की स्वायत्ता और विचारों का समादर करते हुए तर्क पर आधारित जीवन। इसी में श्रेष्ठ कला, विज्ञान और दर्शन का तथा इनसे परिपूरित जीवन का सृजन होता है। पर जो धर्मांन्तरित करने वाले पंथ हैं उनका दुराग्रह आज मानवता के लिए विपदा उत्पन्न करता है। परंतु आश्चर्य कि उलटा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत ही चरितार्थ होती दिखती है।

जो मानवता के पुजारी हैं, उनको इतिहास के परिप्रेक्ष्य में यह बात समझनी चाहिए। युगाब्द ५१०० की नई शती में प्रवेश कर रही दुनिया को सत्य का, मानव संस्कृति का प्रकाश चाहिए। यह मेरे बस की बात नहीं। केवल मन की अभिलाषा है कि ऐसे अनेक जीवन-निर्माण हों, जो राक्षसी वृत्तियों पर विजय प्राप्त कर मानव को सच्ची राह दिखा सकें।

इसमें आए उद्धरणों को छोड़कर बाकी विचार मेरे हैं। उन्हें किसी संस्था, दल, आंदोलन या कार्य पर आरोपित न किया जाय, यही निवेदन है। छोटे कलेवर में बात संघनित करने के कारण सरलीकरण हुआ होगा, बहुत सी बातें छूट भी गई होंगी। उनके लिए क्षमाप्रार्थी हूं। यह जनभावनाओं की, समाज के विचारों की कहानी है, इतिहास नहीं।

ऊपर छोटे बाबाजी एवं बेटी जया का स्मरण किया है। पर उन सबका, जिनकी पुस्तकों और लेखों से उद्धरण लिये, किन शब्दों में कृतज्ञता प्रकट करूँ ? उससे भी बढ़कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अधिकारियों एवं अनगिनत कार्यकर्ताओं का किस प्रकार आभार व्यक्त करूँ, जिनसे खेल में, बातों में, बौद्धिक संवाद में और दिन-प्रतिदिन के कार्य में मानवता की और विज्ञान की दृष्टि पाई। अपने मित्रों एवं आलोचकों को भी प्रत्यक्ष धन्यवाद देता हूँ। दीनदयाल शोध संस्थान के अध्यक्ष मा. लक्ष्मण श्रीकृष्ण भिड़े के प्रोत्साहन और पथ-प्रदर्शन के बिना यह पुस्तक अपूर्ण रहती। प्रयाग उच्‍च न्‍यायालय के विस्तृत गलियारे का और वहां प्रतिदिन कंधे से कंधा मिलाकर मित्रों के परस्पर मिलन, जहां से विधि की अंतर्दृष्टि प्राप्त हुई, का योगदान भी सहर्ष स्वीकार करता हूँ। अपने कार्यालय के कर्मचारियों, विशेषकर काटा-कूटी से भरी पांडुलिपि का संगणक पर टंकन करने के लिए संगमलाल का भी आभारी हूँ।

भगवान करें, हमारे नवयुवकों में वह दृष्टि जागे, जो देश की संजीवनी है।

वीरेंद्रकुमार सिंह चौधरी
३७, ताशकंत मार्ग,
प्रयाग-२११००१

गुरुवार, अक्तूबर 26, 2006

कालचक्र: सभ्यता की कहानी - संक्षेप में

वीरेन्द्र भाईसाहब की पुस्तकों में सबसे पहले हम उनकी पुस्तक 'कालचक्र - सभ्यता की कहानी' इस चिट्ठे पर पोस्ट करेंगे।

सभ्यता की यह कहानी सृष्टि के विचारों से लेकर साम्राज्यों और युद्ध के उतार-चढ़ाव के बीच होकर आधुनिक वैचारिक आंदोलनों तक की गाथा है। इसका रंगमंच संपूर्ण जगत है। कैसे मानव जीवन में विचार उत्पन्न हुये? कैसे उसने कुटुंब के रूप में रहना सीखा? कैसे साम्राज्य-लालसा के साथ तथाकथित सभ्यताओं का संघर्ष हुआ? और अब हम नई सदी की दहलीज पर आकर खड़े हैं। कौन से विचार हैं जिन्होंने मानव को भिन्न देशों में व भिन्न समय में आलोडित किया, कैसे संस्कृति उपलाई—का यह सरल बोधगम्य विवेचन है।

वैज्ञानिक और तार्किक दृष्टिकोण से लिखी कई यह पुस्तक आज के युग की विचारधराओं का इतिहास व उनकी पृष्टभूमि ही नहीं, वरन उस संघर्ष की और उसमें खपते लोगों की भी कहानी है, जिन्होंने युद्ध के नगाड़ों के बीच मानव सभ्यता व उसके मूल्यों को जीवित रखा, जो साम्राज्यवादी महत्वाकांक्षाओं के बीच विस्मृत हो जाते हैं।

प्राचीन भारतीय चिंतन को विशद करता यह ग्रंथ मानव संस्कृति के प्रवाह को विज्ञान व मानविकी के स्तरों में स्पष्ट करता है और जन-जीवन से लेकर राष्ट्र-जीवन को प्रेरणा देने वाला है। इसलिये यह विश्व विजय का स्वप्न सँजोए, क्रूरता भरे अध्यायों का तथा साम्राज्यों की नामावली व उनके संवत्सर का क्रम प्रकट करता इतिहास न होकर मानव जीवन की,उसके विचारों की कहानी है। जहां यह पुस्तक विद्यार्थियों के लिए जिज्ञासा और अधिक जानने की प्रेरणा देती है वहां साधारण पाठक के लिए अपने और मानव संस्कृति के विषय में एक उपन्यास की तरह रूचिकर ढंग से आधुनिक खोजों को उजागर करती है। पुरातत‍व से लेकर आधुनिक विज्ञान तक की विकास यात्रा इसकी परिधि है।

सोमवार, अक्तूबर 23, 2006

वीरेन्द्र भाईसाहब: एक परिचय

श्री वीरेन्द्र कुमार सिंह चौधरी, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वरिष्ट अधिवक्ता हैं और कृष्णा वीरेन्द्र न्यास के अध्यक्ष हैं। आपने हिन्दी और अंग्रेजी की कई पुस्तकें लिखी हैं।

आपका जन्म, २ सितंबर, १९२० को बाँदा ( उ.प्र.) के एक प्रसिद्ध समाजसेवी और स्‍वतंत्रता संग्राम से जुड़े परिवार में हुआ। ऐसे परिवार के संस्कारों की छाप उनके लेखों तथा उनकी पुस्तकों में प्रतिबिंबित है।

उत्कृष्ट विद्यार्थी जीवन और एम.ए., एल.एल.बी. पास करने के बाद पिता के आग्रह पर १९४१ में बॉंदा में वकालत प्रारंभ की। सन १९४२ के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में कांग्रेसजन व अंग्रेजी शासन के कोपभाजन बने लोगों के वकील के रूप में नाम कमाया। सन १९५० से इलाहाबाद आकर उच्च न्यायालय में वकालत प्रारंभ की। बाद में वे यहीं वरिष्ठ अधिवक्ता बने और कुछ वर्ष उत्तर प्रदेश के महाधिवक‍ता भी रहे। उनकी अंग्रेजी में लिखी कानून की अनेक पुस्तकें प्रसिद्ध हैं।


(वीरेन्द्र भाईसाहब और उनकी पत्नी कृष्णा)


आपात स्थिति की निरूद्धि के समय हिंदी भाषा में लिखना प्रारंभ किया। इस समय सरल-सुबोध भाषा में सर्वसाधारण के लिए लिखे गए प्रतिदिन के जीवन में उठते विधिशास्त्र के गहन विषयों पर आपके हिन्दी में लेखों के दो संग्रह ‘विधि के दर्पण में : सामयिक और सनातन प्रश्न’ और ‘मुसलिम विधि : एक परिचय’ प्रकाशित है। इन पुस्तकों ने हिंदी जगत के लिए एक नया आयाम खोला। इसके अतिरिक्त उनके विद्यार्थी जीवन या उसके तुरंत बाद लिखे गए समस्यामूलक चार एकांकी नाटकों का संग्रह ‘बीते समय की प्रतिध्‍वनि’ भी प्रकाशित है, जो हिंदी नाटक के लिए वैज्ञानिक पृ‍ष्ठभूमि में एक नई दिशा है। हिन्दी में आपकी दो और पुस्तकें 'कालचक्र: सभ्यता की कहानी' और 'कालचक्र: उत्तर कथा' हैं। आपके, अंग्रेजी में उच्चतम न्यायालय के कुछ एतिहासिक कहे जाने वाले निर्णयों की, समालोचना लेखों का संग्रह 'आइवरी टावर: फिफटीन इयर्स आफ दि सुप्रीम कोर्ट' के शीर्षक से छपा है। आने वाले समय में यह पुस्तकें इस चिट्ठे पर प्रकाशित की जायंगी और सबसे पहले 'कालचक्र: सभ्यता की कहानी'।